सनावर स्कूल को स्किल भारत सम्मान 5.0 मिलने पर खुशी जताते हुए। स्रोत: स्कूल प्रबंधक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। लॉरेंस स्कूल सनावर के हेडमास्टर हिम्मत सिंह ढिल्लों को कौशल-आधारित और भविष्य उन्मुख शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और योगदान के लिए प्रतिष्ठित स्किल भारत सम्मान 5.0 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मुंबई स्थित जीयो कंवेशन सेंटर में आयोजित एक समारोह में स्किल भारत एसोसिएशन की ओर से प्रदान किया गया। समारोह में देशभर के शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं और शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भाग लिया और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई। यह पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तित्व यूएस फेडरेशन ऑफ यूनेस्को क्लब्स एंड एसोसिएशंस की महासचिव हेदर एंडरसन और यूएस नेशनल कमीशन फॉर यूनेस्को क्लब्स, सेंटर्स एंड एसोसिएशंस के अध्यक्ष गाय जोकेन ने प्रदान किया गया। हिम्मत सिंह ढिल्लों ने इस पुरस्कार को विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि एक टीमवर्क का परिणाम है।