संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवठी-देलगी सड़क के सुदृढ़ीकरण को लेकर ग्राम पंचायत चामत-भड़ेच के दयारश घाट में सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधान गणेश दत्त शर्मा ने की। बैठक में निजी भूमि मालिकों, क्षेत्र के लोगों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित करीब 70 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रस्ताव पारित किया गया कि सरकार की ओर से स्वीकृत राशि के तहत सड़क को चौड़ा और सुदृढ़ किया जाएगा। योजना के तहत सड़क की कटिंग, डंगे, पुलियों का निर्माण, क्रैश बैरियर लगाने और मार्ग को पक्का करने का कार्य किया जाएगा। सभी भूमि मालिकों ने इस कार्य का समर्थन करते हुए लिखित रूप में अपनी अनापत्ति प्रमाणपत्र विभाग को सौंप दी। लोगों ने कहा कि सड़क के सुदृढ़ीकरण को लेकर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। इस अवसर पर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी की ओर से इस मार्ग के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाने के प्रयासों के लिए उनका आभार भी जताया गया।