नगर निगम बद्दी के नवनियुक्त आयुक्त एवं सहायक आयुक्त से मुलाकात करते लघु उद्योग भारती के प्रदेश
सफाई, जल निकासी, सड़क और स्ट्रीट लाइट समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगर निगम बद्दी के आयुक्त विवेक चंदेल और सहायक आयुक्त अंकुर ठाकुर से मुलाकात कर शहर और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश मोहन अग्रवाल ने किया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े अन्य मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से उद्योगों और आम लोगों दोनों को राहत मिलेगी।
नगर निगम आयुक्त विवेक चंदेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नगर निगम सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि शहर और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से शहर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की मांग उठाई। आयुक्त विवेक चंदेल ने कहा कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और नगर निगम जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।