बद्दी पुलिस ने पति व परिजनों के खिलाफ किया मामला दर्ज
बद्दी (सोलन)। बद्दी में मजदूरी करने वाली यूपी की एक महिला के साथ उसके पति व सुसराल पक्ष के अन्य लोगों ने जमकर मारपीट की। इसमें महिला बुरी तरह से घायल हो गई। घायल अवस्था में महिला को स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया लेकिन हालत नाजुक होने पर महिला को पीजीआई भेज दिया गया है। घटना 5 नवंबर की है। महिला उस दौरान बयान देने के लायक नहीं थी, अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे पहचान वाले लोग उसे पीजीआई ले गए, जहां पर उपचार चल रहा है। डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने महिला के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।