Kunihar youth cheated rupees 2.20 lakhs on pretext of lucrative merchant navy job
सोलन/कुनिहार। मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर कुनिहार के एक युवक से शातिर ने दो लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। युवक को ठगी का अहसास तब हुआ, जब खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने के बाद एजेंट ने फोन नहीं उठाया।
बार-बार फोन और व्हाट्सएप पर संपर्क करने के बावजूद जब युवक को जवाब नहीं मिला तो उसके पिता ने कुनिहार थाने में इसकी शिकायत की। जानकारी के अनुसार कुनिहार निवासी करण गर्ग पुत्र विनोद गर्ग ने चेन्नई से 2018 में मर्चेंट नेवी की ट्रेनिंग ली थी। उसके बाद उसकी बर्ड ब्लू नामक कंपनी में नौकरी लग गई जिसमें उसने करीब एक साल तक काम किया।
प्रशिक्षण के दौरान की करण का संपर्क उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी अवनीश से हुआ जो उसका सीनियर था। 2020 में लॉकडाउन लगने के कारण करण घर वापस आ गया। दिसंबर 2020 में करण का अवनीश से संपर्क हुआ। अवनीश ने उसे कहा कि वह शिपिंग कार्पोरेशन ऑफ इंडिया में बतौर एजेंट काम कर रहा है और वह उसे कंपनी में नौकरी पर लगवा देगा।
उसने 20 हजार रुपये दस्तावेज तैयार करने के मांगे। यह भुगतान करने के बाद अवनीश ने करण को एक ज्वाइनिंग लेटर भेजा और कहा कि उसकी नौकरी स्वर्ण स्वराज्य में लगेगी। इसके लिए दो लाख रुपये भेजने होंगे। करण के पिता विनोद गर्ग ने यह राशि उसके खाते में ट्रांसफर कर दी लेकिन पैसे मिलने के बाद अवनीश ने फोन उठाना बंद कर दिया।
उसके फोन और व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया लेकिन वह टालमटोल करता रहा। अब विनोद गर्ग ने कुनिहार थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। उधर, डीएसपी रमेश शर्मा ने कहा कि दो लाख 20 हजार की धोखाधड़ी के आरोप में अवनीश सिंह गांव चौहान पूर्वा डाकघर लिलोट कला वाया बिलसर गोंडा उत्तर प्रदेश के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।