सीपीएस ने किया 11.960 किमी. बनने वाली सड़क का भूमि पूजन
सड़क से क्षेत्र के 4 हजार लोगों को मिलेगी परिवहन की बेहतरीन सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। ग्राम पंचायत कोटली के कोलका में कोठी-कोलका-दसल-चम्यावल मार्ग का भूमि पूजन सीपीएस संजय अवस्थी ने किया। 11.960 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर करीब 7.56 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग क्षेत्र के 4 हजार लोगों के लिए वरदान साबित होगा। इस मौके पर संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाने के लिए प्रयासरत है कि बेहतर सड़को के माध्यम से किसानों एवं बागवानों के उत्पाद समय पर मंडियों में पहुंचें ताकि उन्हें फसल का उचित मूल्य मिले। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें युवाओं को बेहतर शिक्षा प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हिम उन्नति, हिम गंगा जैसी योजनाओं का लाभ उठाएं।
इससे पूर्व उन्होंने नेहरू युवा क्लब कोलका द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता भी की और विजेताओं को पुरस्कार बांटे। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि न केवल खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपितु सामाजिक कार्यों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। क्रिकेट प्रतियोगिता में 23 टीमों ने भाग लिया। अमित इलेवन शिमला की टीम विजेता और कोलका इलेवन उप-विजेता रही। इस अवसर पर खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, जिला कांग्रेस के महासचिव राजेन्द्र रावत, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सीडी बंसल, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान यशपाल, ग्राम पंचायत चम्यावल की प्रधान उर्मिला, ग्राम पंचायत कोटली के उप प्रधान जय प्रकाश, ग्राम पंचायत दाउंटी के उप प्रधान हीरा कौंडल, ग्राम पंचायत कोटली की पूर्व प्रधान सरिता, नेहरू युवक मण्डल कोलका के प्रधान संजीव ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट
कोलका गांव के लिए बनेगा भंडारण टैंक
कोलका गांव के पेयजल योजना के भंडारण टैंक निर्माण के लिए प्राक्कलन के अनुसार बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने जडोल गांव में वाहन पार्किंग निर्माण के लिए 50 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने गंबर पेयजल योजना की जल वितरण पाइपों के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया ताकि योजना से लोग लाभान्वित हो सके। उन्होंने री तथा डवारू गांव के संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए एक-एक लाख रुपए, महिला मंडल कोठी के भवन की मरम्मत के लिए 75 हजार रुपए, सामुदायिक भवन कोठी का कार्य शुरू करने के लिए एक लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की।