सोलन में प्रदेश के वोकेशनल ट्रेनरों के लिए कार्यशाला आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश में प्राकृतिक खेती और आधुनिक बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सोलन में प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से 47 ट्रेनर हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान उन्हें कृषि क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम समन्वयक संदीप कुमार ने बताया कि इस कार्यशाला की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह केवल कमरों या लेक्चर तक सीमित नहीं रहेगी। विशेषज्ञों द्वारा ट्रेनरों को फील्ड (खेतों) में ले जाकर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें नौणी विवि में कृषि क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा एवं उद्यमिता केंद्र का भी भ्रमण करवाया जा रहा है। इस दौरान उन्हें प्राकृतिक खेती, आधुनिक बागवानी फलों के बगीचों का बेहतर प्रबंधन समेत खेती में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरणों और विधियों की भी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर के 224 स्कूलों में कृषि पर वोकेशनल शिक्षा दी जा रही है। जिसके तहत कृषि और बागवानी से संबंधित ट्रेनरों को सोलन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा जिला सिरमौर, ऊना और सोलन के लिए 28 मार्च से प्रशिक्षण शिविर शुरू किया जाएगा।