दाड़लाघाट में आयोजित हुई किसान सभा दाड़लाघाट ब्लॉक कमेटी की बैठक
अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता और नए ब्लॉक की मांग उठाएगी किसान सभा
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। किसान सभा की दाड़लाघाट ब्लॉक कमेटी की बैठक शनिवार को दाड़लाघाट में हुई। इसमें अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और नए ब्लॉक की मांग प्रमुखता से उठाई गई। किसान सभा ने इन मुद्दों को जल्द संबंधित मंचों पर उठाने का निर्णय लिया।
किसान सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष राम कृष्ण शर्मा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और किसानों व आम जनता की समस्याओं के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की नौ सदस्यीय ब्लॉक कमेटी का गठन भी किया गया।
इसमें जय देव ठाकुर को अध्यक्ष, रूप सिंह ठाकुर को सचिव, भागीरथ को कोषाध्यक्ष, मोहन को उपाध्यक्ष और रूप राम को संयुक्त सचिव चुना गया। वहीं, आरके शर्मा, विजय और गजपति को कमेटी सदस्य बनाया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों को सक्रिय करने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपेक्षा जताई गई।
बैठक में किसानों की समस्याओं, संगठन को मजबूत बनाने और दाड़लाघाट के ट्रक ऑपरेटरों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। समापन पर किसान सभा के जिला अध्यक्ष नीतीश ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर किसानों से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे और उनके अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।