अमर उजाला में प्रकाशित क्षेत्रीय अस्पताल में बिजली जाने से फीस काउंटर बंद होने की खबर।
बिजली जाने पर नहीं कट पा रही है मरीजों की टेस्ट की फीस
जनरेटर के जुड़ने के बाद अब मरीजों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के फीस काउंटर को भी अब जनरेटर की लाइन से जोड़ा जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे बिजली गुल होने पर भी मरीजों के टेस्ट की फीस जमा हो सकेगी और उन्हें समय पर उपचार मिल पाएगा।
बीते सप्ताह बिजली गुल होने के कारण फीस काउंटर बंद हो गया था। इससे मरीजों को हुई परेशानी को अमर उजाला ने 4 अक्तूबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने काउंटर को जल्द जनरेटर से जोड़ने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में मरीजों को ऐसी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
गौर हो कि 3 अक्तूबर को अस्पताल में बिजली गुल होने पर जनरेटर चलाया गया था, लेकिन फीस काउंटर इससे जुड़ा न होने के कारण मरीजों के टेस्ट की फीस जमा नहीं हो सकी। मरीजों को दोपहर दो बजे तक इंतजार करना पड़ा या निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ा। दूरदराज से आए मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए फीस काउंटर को जनरेटर से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन मरीजों की समस्याएं दूर करने का प्रयास कर रहा है।