कसौली के गड़खल में तैनात ट्रैफिक कर्मी वाहनों की आवाजाही करवाते हुए। संवाद
गढ़खल में पुलिस की मुस्तैदी से नहीं लगा जाम, वीकेंड पर बाहरी राज्यों से पहुंचे सैलानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली (सोलन)। कसौली में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिली। चंडीगढ़ और पंजाब के सबसे नजदीक होने के कारण रविवार को कसौली के मालरोड, चर्च, हेरिटेज मार्केट और सनसेट प्वाइंट पर दिनभर रौनक रही। पर्यटन सीजन के चलते होटलों में ऑक्यूपेंसी 85 फीसदी तक दर्ज की गई, जिससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। कालका-शिमला रेलवे लाइन पर चलने वाली ट्रेनें भी पूरी तरह पैक रहीं। धर्मपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद पर्यटकों ने टैक्सियों और बसों के जरिये कसौली का रुख किया। भारी भीड़ के बावजूद इस बार पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से दो-चार नहीं होना पड़ा। बीते वर्षों में गड़खल का व्यस्ततम चौराहा जाम के लिए बदनाम था, लेकिन इस बार पुलिस की मुस्तैदी ने स्थिति बदल दी है। गड़खल बाजार और चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से यातायात सुचारू रहा। हजारों वाहनों की आवाजाही के बावजूद कहीं भी वाहनों के पहिये नहीं थमे। पुलिस न केवल ट्रैफिक संभाल रही है, बल्कि पर्यटकों को जानकारी देने और हुड़दंगियों पर नकेल कसने में भी सक्रिय दिखी। स्थानीय निवासी सोहन, प्रेम और मानसी ने बताया कि धर्मपुर से कसौली तक पुलिस की सतर्कता से इस बार जाम की समस्या नहीं रही। इससे पर्यटकों को आवाजाही में आसानी हो रही है। यदि आगामी दिनों में भी व्यवस्था ऐसी ही रही, तो यहां आने वाले सैलानियों की संख्या में और इजाफा होगा।