संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर बड़ोग टनल को जाने वाली सड़क धंसने के बाद कसौली-गढ़खल रोड धर्मपुर समीप धराशायी हो गया है। इसके चलते मुख्य सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गई है।
अब वाहनों को सुक्की जोहड़ी-सनावर से गढ़खल पहुंचना होगा। वहीं सड़क धंसने से सारा मलबा और पत्थर ठीक नीचे से गुजर रहे नेशनल हाईवे जा गिरा। इससे हाईवे पर भी ट्रैफिक को वनवे कर दिया गया है। फोरलेन बनने के बाद से ही पहाड़ दरक रहा था जिससे सड़क पर दरारें पड़ी थीं।
यह सड़क पिछले तीन दिन से लगातार धंसना शुरू हुई और सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। इसके बाद यहां से आवाजाही को बंद नहीं किया गया। शुक्रवार सुबह यह सड़क पूरी तरह ढह गई है। वर्तमान में भी सड़क के धंसने का खतरा बना हुआ है। सड़क के धंसने के बाद आला अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है।
जानकारी के अनुसार धर्मपुर-कसौली सड़क पर सुबह करीब 6:00 बजे धंसना शुरू हुई। करीब पांच मिनट में पूरी सड़क नीचे से गुजर रहे हाईवे पर चली गई। गनीमत रही कि दोनों सड़कों से कोई भी वाहन नहीं गुजर रहा था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने के तुरंत बाद कसौली की ओर जाने वाली ट्रैफिक को वाया सनावर डायवर्ट किया गया।
इससे पहले वीरवार को सोलन के बड़ोग बाईपास में शमलेच के समीप टनल की ओर जाने वाली सड़क धंस गई थी। शुक्रवार सुबह धर्मपुर-कसौली रोड धंसा है। सोलन की पुलिस लाइन के समीप भी फोरलेन का सर्विस रोड लगातार धंसता जा रहा है।
उपमंडलाधिकारी कसौली धनवीर सिंह ने बताया कि धर्मपुर-गढ़खल सड़क धंसने की सूचना के बाद तुरंत मौके का मुआयना किया है। सड़क को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग को आदेश दे दिए गए हैं। लोगों से अपील है कि जब भी वे कसौली की ओर जाएं तो विकल्प मार्ग का प्रयोग करें।
बैरिकेड लगाकर बंद की सड़क
धर्मपुर-गढ़खल सड़क धंसने के बाद पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है। सुक्की जोहड़ी और सनावर में पुलिस कर्मियों की तैनाती भी कर दी है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने मौके पर सड़क के साथ लगती पहाड़ी को काटकर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई है लेकिन बड़े वाहन नहीं गुजर रहे हैं।
लोग हो रहे परेशान
सड़क धंसने के बाद धर्मपुर-गढ़खल की ओर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बसों के डायवर्ट होने से लोगों को सुबह इसकी सूचना न मिलने से भटकते रहे। इससे कामकाज और स्कूल, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई है।