अनियंत्रित होकर खाई में गिरा बुलडोजर, चालक की मौत।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसाैली क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़वा के तहत जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क मरम्मत के कार्य में लगाया गया बुलडोजर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा दोपहर बाद करीब 2:30 बजे हुआ। हादसे में बुलडोजर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सहायक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग की ओर से जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग पर सड़क की मरम्मत एवं चौड़ीकरण का कार्य करवाया जा रहा था। इसी दौरान कामली क्षेत्र में सड़क के किनारे की जमीन अचानक धंस गई, जिससे सड़क पर कार्य कर रहा बुलडोजर संतुलन खो बैठा और करीब 250 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि बुलडोजर के परखच्चे उड़ गए और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के समय बुलडोजर का सहायक मशीन से सड़क पर कार्य कर रहा था, जिसके चलते वह इस दुर्घटना की चपेट में आने से बच गया। घटना के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। चालक की पहचान गोपाल दास निवासी गांव करली जिला शिमला के रूप में हुई है। गोपाल दास इसी माह सेवानिवृत्त होने वाले थे। उधर, एसपी टीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।