पंजाब, हरियाणा में गर्मी बढ़ने से प्रदेश का रुख कर रहे पर्यटक
दिनभर कालका-शिमला हाईवे पर वाहनों की रही अधिक आवाजाही
कालका-शिमला हाईवे पर परवाणू टोल के समीप लगता रहता जाम
नेशनल हाईवे समेत पर्यटक स्थलों पर पुलिस कर्मी पहले से तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। वीकेंड को लेकर जिले के पर्यटन स्थल चायल, बड़ोग और कसौली पर्यटकों से पैक हो गए हैं। कसौली में होटलों की बुकिंग 90 प्रतिशत हो गई है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अधिक गर्मी होने से पर्यटकों ने प्रदेश का रुख करना शुरू कर दिया है। इस कारण कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर भी वाहनों की अधिक आवाजाही हो गई है। इसके चलते प्रवेश द्वार परवाणू टोल बेरियर पर सुबह से शाम तक जाम लगता रहा। अधिकतर पर्यटक कसौली और शिमला की ओर जा रहे हैं।
वीकेंड से पहले ही होटलों में शनिवार और रविवार के लिए बुकिंग आनी शुरू हो गई थी। शनिवार को कसौली और चायल 90 प्रतिशत पैक रहे। जबकि सामान्य दिनों में पर्यटकों की आवाजाही कम है। इस दौरान होटलों में भी 20 से 25 फीसदी ऑक्यूपेंसी रहती है। लेकिन इस वीकेंड को लेकर पर्यटकों की आवाजाही एकदम बढ़ रही है। वहीं सुरक्षा के तहत पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। प्रदेश को हरियाणा राज्य से जोड़ने वाला कालका-शिमला एनएच पर हुड़दंग मचाना और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देकर बचकर निकलना आसान नहीं होगा। पुलिस प्रशासन ने एनएच समेत पर्यटक स्थलों पर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए हैं। एनएच के कई क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक नए हाई विजन सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही है।
शनिवार को पर्यटन क्षेत्र कसौली का मालरोड, चर्च, हेरिटेज मार्केट में पर्यटकों की खूब चहल-पहल रही। उधर, चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने बताया कि इस वीकेंड पर होटल कारोबार में वृद्धि हुई है। जबकि पिछले कई वीकेंड मंदी में गुजर गए हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही ओर अधिक होने की भी संभावना है।