एसडीएम की अगुआई में पुलिस व लोक निर्माण विभाग ने चलाया अभियान
दुकानदारों में मचा हड़कंप, दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। प्रदेश हाईकोर्ट के कड़े आदेशों के बाद सोलन जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। सोलन और धर्मपुर बाजार में चली कार्रवाई के बाद अब कसौली उपमंडल प्रशासन ने भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र प्रताप सिंह की अगुआई में पुलिस, नायब तहसीलदार और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने सनावर से गढ़खल बाजार तक सड़क किनारे किया गया अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम कसौली ने गढ़खल बाजार में व्यापारियों को सख्त हिदायत देते हुए अपना सामान दुकानों के अंदर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गढ़खल रोड पर नालियों और सड़क के किनारों पर सजाया गया सामान तुरंत हटवाया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश की गई तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भी राष्ट्रीय राजमार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। धर्मपुर से परवाणू तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो दर्जन रेहड़ी-फहड़ी और खोखे वालों ने अवैध कब्जा कर रखा है। अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग पर धर्मपुर, जाबली, सनवारा और अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाने की मुहिम एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दी जाएगी।
इनसेट
जाम का बड़ा कारण बनी अवैध पार्किंग
उल्लेखनीय है कि गढ़खल-कसौली मार्ग पर कारोबारियों और पर्यटकों द्वारा की जाने वाली अवैध पार्किंग भीषण यातायात जाम का मुख्य कारण बनती है। गढ़खल बाजार से करीब 500 मीटर पीछे सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी होने से आए दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ता है।
कार्रवाई के दौरान लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त अधिशासी अभियंता विशाल भारद्वाज सहित पुलिस बल के जवान तैनात रहे।
एसडीएम कसौली की अगुवाई में कसौली गढखल रोड पर अतिक्रमण के सामान को ट्रक में लेकर जाते हुए। संवाद
एसडीएम कसौली की अगुवाई में कसौली गढखल रोड पर अतिक्रमण के सामान को ट्रक में लेकर जाते हुए। संवाद