मालरोड पर मां दुर्गा मंदिर में 100 श्रद्धालुओं ने किया पूजन
विज्ञापन
शहर में कई जगहों भक्तों ने भी किया भंडारों का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौवें नवरात्र पर शुक्रवार को जिलेभर के मंदिरों में भक्तों ने सुबह 10 बजे तक कन्या पूजन किया और मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मां शूलिनी और मालरोड स्थित मां दुर्गा मंदिर में दिन भर भक्तों का आना-जाना लगा रहा। भक्तों ने मंदिर आकर दुर्गा मां के नौवें अवतार मां सिद्धिदात्री की पूजा की और आशीर्वाद लिया। मान्यता है कि ब्रह्मांड की सभी आठ प्रमुख सिद्धियां मां सिद्धिदात्री की पूजा करने से ही प्राप्त होती हैं। इसके अलावा इनकी पूजा करने से ज्ञान और विद्या की प्राप्ति भी होती है।
इस अवसर पर मां दुर्गा मंदिर में भी सुबह 5:00 बजे से भक्तों ने आना शुरू कर दिया। इस दौरान कई भक्तों ने माथा टेका और मां का आशीर्वाद लिया। 10:00 बजे तक लगभग 100 भक्तों ने मंदिर में कन्या पूजन किया। नौवें नवरात्र के अवसर पर मंदिरों और शहर में जगह-जगह पर भक्तों की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया गया। मां शूलिनी मंदिर में भी भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों ने कतारों में खड़े रहकर इंतजार किया। मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन चला रहा।
मां शूलिनी मंदिर में दोपहर 2:00 बजे तक लगभग 1100 लोगों ने आकर माथा टेका। इसके अलावा मां काली मंदिर शामती, शीतला माता मंदिर और सिद्धेश्वरी मंदिर (पुलिस लाइन) समेत जिलेभर के अन्य मंदिरों में भी भक्तों ने जाकर पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया।
मां शूलिनी मंदिर में शुक्रवार को भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने के लिए लगी भक्तों की कतारें। संवाद