दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट क्षेत्र में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दी है। सरकारी हाई स्कूल कंसवाला में तैनात अध्यापिका और उसके पति, पांच स्कूली बच्चों समेत आठ लोगों के संक्रमित आने के बाद स्कूल को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं सोमवार को छठी से लेकर दसवीं के करीब 68 बच्चों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने लिए। उनके परिजनों को भी टेस्ट के लिए बुलाया है। स्कूल प्रधानाचार्य ओम गुलेरिया ने बताया कि स्कूल परिसर में सैनिटाइजेशन कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार हाई स्कूल में तैनात गर्भवती अध्यापिका रूटीन जांच करवाने के लिए अस्पताल पहुंची तो जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अध्यापिका के संपर्क में आए परिवार, स्टाफ और स्कूल के बच्चों की रैंडम सैंपलिंग की। जांच में अध्यापिका के पति और पांच स्कूली बच्चे संक्रमित निकले। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया है। संक्रमित लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी सैंपलिंग कर रहा है।
खंड चिकित्सा अधिकारी राधा शर्मा ने बताया कि कुल आठ लोग संक्रमित आए हैं। संपर्क में आए 68 छात्रों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया है। उन्होंने मास्क, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।