बद्दी(सोलन)। औद्योगिक नगर बद्दी की दंगल गर्ल के नाम से विख्यात पहलवान खुशी ठाकुर और सलोनी बद्दी के लिए खुशियां लेकर लौटी हैं। खुशी ठाकुर ने 61 किलो भार वर्ग में और सलोनी ने 46 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। बिलासपुर में हुई एक दिवसीय महिला एवं पुरुष कैडेट कुश्ती युवा वर्ग के 14 से 17 साल के खिलाड़ियों ने भाग लिया। बद्दी की खुशी ठाकुर (61 किलो) का मुकाबला हमीरपुर की निहारिका राणा से हुआ।
अंकों के आधार पर खुशी ठाकुर ने 7-0 के बड़े मार्जन से स्वर्ण पदक जीता। अब बद्दी की खुशी और सलोनी ठाकुर 18 मार्च को तमिलनाडु में पांच दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में अपने जौहर दिखाएंगी। वहीं, रावमापा घरेड़ की प्रधानाचार्य सीमा चौहान ने खुशी ठाकुर के बिलासपुर में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी हैै। नगर परिषद की चेयरमैन उर्मिला चौधरी, वाइस चेयरमैन मान सिंह मेहता और पार्षद किरण गौतम ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। मान सिंह मेहता ने कहा कि नगर परिषद बद्दी शहर में शीघ्र ही एक इंडोर स्टेडियम तैयार करेगी।