मां शूलिनी मेले की दूसरी संध्या रही पहाड़ी गायकों के नाम
विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार रहे बतौर मुख्यतिथि
खचाखच भरा रहा मैदान, ग्राउंड में लोगों ने खूब डाली नाटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मां शूलिनी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी गायकों के नाम रही। सांस्कृतिक संध्या में लोगों ने जमकर नाटी डाली। इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार बतौर मुख्य अतिथि रहे। जबकि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल और सीपीएस संजय अवस्थी मौजूद रहे। सांस्कृतिक संध्या से पहले स्थानीय कलाकारों ने समां बांधा। इसके बाद पहाड़ी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गाने गए। इस दौरान मैदान खचाखच भरा रहा।
पहाड़ी गायक एसी भारद्वाज ने श्री गणेशा देवा, बदन पर सितारे लपेटे हुए, कांडा चुबोरा, म्हारे मेले खे जाणा मेला ता लागा मां शूलिनी रा, ठनेया रे चायरा री दुकान समेत अन्य गाने गाए। जैसे ही गायक कांची रे कांची रे.. गाना गया वैसे ही लोग झूम उठे। इससे पहले विक्की राजटा ने डूंगे नालूए, ढाटू वालिए कमलुए तेरा लागा नचना प्यारा, हासे ममता, हेडिया मामा केई तितरू दागो गाने सुनाए। वहीं, अजय चौहान और अज्जू तोमर ने नाटी रा चस्का बूरा, मुखे आदता बूरी पड़ी बोतला पी गोवा खड़ी-खडी, शौरू पड़ा ओला ओ भाटो री बेलूए, झूमका-झूमका से समां बांधा। पंकज ठाकुर ने शिमले पड़े पुलसिए रे घसे, बोलो भरे दोपहरे तेरे आंगणे बाशने लगा कावटा, नार दाणा परसीए, तेरे हाथों दा रेशमी रूमाल ओ मेरी उर्मिला तेरा रेशमी रूमाल समेत अन्य पहाड़ी गाने लोगो को सुनाए।
इनसेट
खूब दिखी अव्यवस्थाएं
मेले के दौरान मैदान में खूब अव्यवस्थाएं दिखाई दी। लोगों को बैठने तक की जगह नहीं मिली। वहीं मैदान को आने-जाने वाली जगह में कोई पुलिस कर्मचारी नहीं था। इस कारण लोगों को मैदान पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी।