यूथ स्पोर्ट्स क्लब जगतपुरा (जोघों) में आयोजित 39वीं कबड्डी प्रतियोगिता के ओपन वर्ग का खिताब हरियाणा की शास्त्री एकेडमी ए के नाम रहा। जबकि, शास्त्री एकेडमी बी की टीम उपविजेता रही। विजेता व उपविजेता टीमों को क्षेत्र के युवा समाजसेवी जितेंद्र राणा ने सम्मानित किया। इस मौके पर उज्जवल सिंह राणा एटीसी मंडी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
विजेता टीम को 51 हजार व ट्रॉफी व उपविजेता टीम को 31 हजार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं पहली बार आयोजित लड़कियों के कबड्डी टूर्नामेंट में साईं होस्टल धर्मशाला की टीम विजेता और पटियाला यूनिवर्सिटी की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को 11 हजार नकद व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 7100 रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
लड़कों के 60 किलोभार वर्ग में शास्त्री एकेडमी विजेता व जगतपुरा जोघों की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को 11 हजार व उपविजेता को 7100 नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। लड़कों की 45 किलोभार वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में नग्गर की टीम विजेता व बजरंग क्लब उपविजेता रहा। विजेता टीम को 5100 व उपविजेता को 3100 रुपये व ट्रॉफी देकर नवाजा गया। समाजसेवी जितेंद्र राणा ने कहा कि नालागढ़ क्षेत्र ने देश को एक से बढ़कर एक कबड्डी खिलाड़ी दिए हैं। दभोटा का अजय ठाकुर जहां प्रो कबड्डी लीग में प्रदेश का नाम रोशन कर चुका है, वहीं हिमाचल के कई कबड्डी खिलाड़ी नेशनल व इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में जौहर दिखा चुके हैं। राणा ने आयोजकों को 7100 रुपये प्रदान करते हुए हर यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर राजकीय अध्यापक संघ जिला सोलन के नरोत्तम वर्मा, क्लब के प्रधान कुलतार सिंह, कोषाध्यक्ष रोशन राणा, उपप्रधान बलवीर सिंह, मीडिया सलाहकार जसविंद्र ठाकुर जस्सी, शमशेर सिंह, रणजीत सिंह, गुरमीत सिंह, प्रकृति सिंह, शमशेर, गुलजार सिंह उपस्थित रहे।