जूनियर आफिस असिस्टेंट बनने का सैकड़ों युवाओं का सपना अधर में लटका है।
- फोटो : demo pic
जूनियर आफिस असिस्टेंट बनने का सैकड़ों युवाओं का सपना अधर में लटका है। पिछले करीब दो सालों से यह भर्ती प्रक्रिया चल रही है। लेकिन किसी नतीजे तक नहीं पहुंची। ऐसे में स्किल टेस्ट पास कर चुके सैकड़ों बेरोजगारों में रोष है। आयोग की कार्यप्रणाली पर भी देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह भर्ती प्रक्रिया 13 फरवरी 2015 को अधिसूचित की गई थी। अब फरवरी 2017 चल पड़ा है। लेकिन भर्ती प्रक्रिया किसी नतीजे तक नहीं पहुंची है।
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग 1389 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट की भर्ती पिछले दो वर्षों में भी पूरी नहीं कर पाया है। आयोग ने इन पदों को भरने के लिए पोस्ट कोड 447 के तहत 13 फरवरी 2015 में पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी की थी। इस बीच पदों की संख्या को तीन बार बढ़ाया गया। इसके बाद इन पदों को भरने के लिए आयोग ने 10 अप्रैल 2016 को छंटनी परीक्षा ली। इसका परिणाम 21 जून को घोषित किया गया और जिसमें 7064 अभ्यर्थी स्किल टेस्ट के लिए पास हुए। इसके बाद आयोग ने 26 अक्तूबर से 30 नवंबर के बीच स्किल टेस्ट लिया। इसका परिणाम अभी तक जारी नहीं किया जा सका है। भर्ती प्रक्रिया में इतना समय लगने से बेरोजगार युवाओं का नौकरी के लिए इंतजार बढ़ता जा रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि इन पदों को भरने के लिए मार्च के बाद तक का इंतजार करना पड़ सकता है।
आयोग के सचिव जितेंद्र कंवर ने बताया कि स्किल टेस्ट के रिजल्ट को कंपाइल करने का काम चल रहा है। इसमें अभी कुछ समय लग सकता है। रिजल्ट जारी करने के बाद आयोग जल्द ही इन पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेगा।