एलआईसी शिमला मंडल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने दिखाई प्रतिभा
विजेताओं को मिले पुरस्कार, अब जयपुर में शिमला का करेंगे प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। भारतीय जीवन बीमा निगम शिमला मंडल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता सोलन के पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में मंडल के तहत आने वाली विभिन्न शाखाओं के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पुरुषों की 5,000 मीटर दौड़ में गुरनाम सिंह ने पहला और जसप्रीत सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। 800 मीटर दौड़ में धर्मिंद्र प्रथम और अनिल पांटा द्वितीय रहे। वहीं, 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ दोनों में जसप्रीत ने पहला और रजत सकलानी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी रफ्तार का लोहा मनवाया। इसके अलावा, सबसे रोमांचक मानी जाने वाली 100 मीटर की फर्राटा दौड़ में मंडी शाखा के विनीत पहले, बिलासपुर के अमित दूसरे और नालागढ़ शाखा के सचिन तीसरे स्थान पर रहे। जंप और थ्रो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम। इसके अलावा अब जयपुर में चमकेगा शिमला मंडल फील्ड इवेंट्स में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लंबीकूद में आशुतोष प्रथम व विनीत द्वितीय रहे, जबकि तिहरी कूद में गुरनाम ने पहला और हेम पुष्प ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अव्वल रहने वाले विजयी खिलाड़ियों को आगामी समय में जयपुर में आयोजित होने वाली उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शिमला मंडल का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रबंधक सुशीला नेगी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर खेलकूद आयोजन समिति के सचिव रूप लाल, तकनीकी सलाहकार प्रेम दास, धर्मपाल शर्मा, लीला दत्त, दीपक गुप्ता और तारादत्त शर्मा भी उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।