नालागढ़ में 6.72 और बद्दी में 4.85 करोड़ की लगी चपत
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। नालागढ़ उपमंडल के तहत जलशक्ति विभाग को इस बार की बरसात में अब तक 11 करोड़ रुपए का नुकसान झेलना पड़ा है। विभाग को अब तक नालागढ़ में 6.72 करोड़, जबकि बद्दी डिवीजन के तहत 4.85 का नुकसान पहुंच चुका है। बरसात से विभाग के तहत आने वाली पेयजल और सिंचाई योजनाओं को क्षति पहुंची है।
बरसात ने जल शक्ति विभाग नालागढ़ डिवीजन के तहत सिंचाई व पेयजल योजनाओं को नुकसान पहुंचाया है, जिनमें पंप हाउस, मोटर, स्लैब, मशीनरी, रिटेनिंग वाल, क्रेट वायर, बाउन्ड्री वाल, डिस्ट्रीब्यूशन लाइन, राईजिंग मेन, पंप वेल सहित सिल्ट आने से पेयजल व सिंचाई योजनाओं को नुकसान पहुंचा है। हालांकि विभाग द्वारा अधिकांश पेयजल योजनाओं को रिस्टोर कर दिया गया है, ताकि लोगों को जलापूर्ति की समस्या न हो। बीबीएन में इस बार कम मात्रा में ही बारिश हुई है, फिर भी नुकसान का आंकड़ा करोड़ों में पहुंच गया है। क्षेत्र में हुई कम बारिशों के बावजूद इस बार की बरसात से आईपीएच नालागढ़-बद्दी डिवीजन भी इस नुकसान से अछूता नहीं रहा है और नुकसान का आंकड़ा 11.57 रुपए तक पहुंच गया है। बता दें कि आईपीएच बद्दी डिवीजन के तहत करीब 171 पेयजल योजनाओं व 68 सिंचाई योजनाओं ,जबकि नालागढ़ डिवीजन के तहत 121 पेयजल योजनाओं व 149 सिंचाई योजनाओं के द्वारा लोगों को पेयजल एवं सिंचाई के पानी की आपूर्ति मुहैया करवा रहा है और इन्हीं योजनाओं में से कई योजनाओं को नुक् हुआ है।
जल शक्ति विभाग नालागढ़ डिवीजन के एक्सईएन नीरज गुप्ता ने कहा कि अब तक की बरसात से विभाग को अब तक 6.72 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है और नुकसान का आंकलन लगाकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है, बद्दी डिवीजन के एक्सईएन दिनेश कुमार ने कहा कि अब तक बरसात में विभाग को 4.85 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।