प्रधान की अध्यक्षता में पंचायती राज निदेशक से मिला प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। जाबली पंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने पंचायती राज विभाग के निदेशक और अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जाबली में बनने वाले हिमईरा मार्ट भवन में पंचायत की हिस्सेदारी की मांग रखी। उन्होंने शेष भूमि पर व्यावसायिक परिसर बनाने का भी प्रस्ताव दिया। विभाग ने पंचायत की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
जाबली पंचायत की प्रधान नीलम ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक राघव शर्मा और अधीक्षण अभियंता राजेश चंदेल से मुलाकात की। निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि हिमईरा भवन में पंचायत की हिस्सेदारी का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भवन के लिए उपयोग की गई भूमि के अलावा शेष भूमि पर पंचायत व्यावसायिक परिसर का निर्माण कर सकती है। अधीक्षण अभियंता राजेश चंदेल ने भी पंचायत की मांग को उचित ठहराया। उन्होंने बताया कि हिमईरा भवन का नक्शा दोबारा बनाया जाएगा, जिसमें पंचायत की हिस्सेदारी शामिल होगी।
प्रधान नीलम ठाकुर ने बताया कि तीन मंजिला हिमईरा भवन से होने वाली आय का हिस्सा स्थानीय पंचायत को मिलना चाहिए। इससे पंचायत के लिए आय का एक स्थायी साधन बन सकेगा। पंचायत शेष भूमि पर व्यावसायिक परिसर बनाकर अपनी आमदनी बढ़ाना चाहती है। यह योजना पंचायत को साधन संपन्न बनाने में मदद करेगी।
इनसेट
इसलिए बन रहा है हिमईरा मार्ट
प्रदेश पंचायती राज विभाग जाबली में लगभग 47 लाख रुपये की लागत से हिमईरा मार्ट का भवन बना रहा है। यह निर्माण कार्य अंतिम दौर में था, लेकिन पंचायत ने कुछ शर्तें रखी थीं। हिमईरा मार्ट योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए स्वदेशी उत्पादों को बेचना है। ये उत्पाद बाहरी राज्यों और प्रदेश के लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। जाबली में यह मार्ट परवाणू-शिमला हाईवे पर राजडी गांव को जाने वाले संपर्क मार्ग पर बनेगा। विकास खंड धर्मपुर के विकास खंड अधिकारी धनीराम पंवर ने हिमईरा को शीहट की तर्ज पर एक लाभकारी प्रस्ताव बताया है।