सोलन में एचआरटीसी के ड्राइवर और कंडक्टर के ट्रायल देने पहुंचे लोगों के साथ पदाधिकारी। स्रोत :
चालक-परिचालक का साक्षात्कार देने पहुंचे 74 युवा, बसें भी चलवाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। परिवहन निगम के चालक-परिचालकों की हड़ताल के चलते बुधवार को एचआरटीसी वर्कशॉप चंबाघाट में अस्थायी चालकों और परिचालकों के लिए साक्षात्कार हुए। एचआरटीसी वर्कशॉप चंबाघाट में बुधवार को ड्राइविंग टेस्ट के दौरान कई अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एक अभ्यर्थी ने बस को बैक करते समय वर्कशॉप के गेट से टक्कर मार दी। इसके बाद बस वहीं बंद हो गई। मौके पर मौजूद एचआरटीसी कर्मचारियों ने बस को धक्का देकर बाहर निकाला। कई अभ्यर्थियों को टेस्ट के दौरान बस स्टार्ट करने में भी परेशानी हुई।
वर्कुशाॅप में 74 अभ्यर्थी साक्षात्कार देने के लिए पहुंचे। इस दौरान परिवहन निगम के अधिकारियों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न करवाई गई। चालकों के पदों के लिए आए अभ्यर्थियों से बसों का ड्राइविंग टेस्ट भी लिया गया। अभ्यर्थियों को वर्कशॉप परिसर से बसों को बैक करते हुए मुख्य सड़क तक ले जाने का अभ्यास करवाया गया, ताकि उनकी वाहन संचालन क्षमता का आकलन किया जा सके। दिनभर वर्कशॉप में साक्षात्कार और परीक्षण की प्रक्रिया चलती रही। इस दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहन जांच की। देर शाम तक यह प्रक्रिया जारी रही।
जिले में लगभग 150 रूटों पर परिवहन व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की गई है। हालांकि हड़ताल की स्थिति टलने के बाद अब व्यवस्थाएं सामान्य हो गई हैं और निगम की सेवाएं पहले की तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
चालकों और परिचालकों के लिए ट्रायल आयोजित किए गए थे। इसमें 74 अभ्यर्थी पहुंचे। देर शाम तक सभी के साक्षात्कार लिए गए और मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि हड़ताल टलने के बाद अब व्यवस्थाएं पहले की तरह सामान्य रूप से चलेंगी।
-सुरेंद्र राजपूत, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी