अधर में लटके सरकारी भवनों, खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा उठाएंगे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर ब्लॉक की गुल्हाड़ी पंचायत में 14 नवंबर को आयोजित होने वाले सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में क्षेत्र की कई विकासात्मक समस्याएं उठ सकती हैं। इनमें सुक्की जोहड़ी से कंडा वाया गुल्हाड़ी सड़क की खस्ताहालत, कंडा में निर्माणाधीन आईटीआई भवन और धर्मपुर-कसौली क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 104 करोड़ रुपये की गिरि पेयजल योजना को धर्मपुर तक पहुंचाने का मुद्दा प्रमुख रहेगा।
इसके अलावा धन की कमी के कारण अधूरे पड़े सरकारी भवनों का मामला भी ग्रामीण उठा सकते हैं। लंबे समय से निर्माणाधीन इन भवनों की हालत खराब होती जा रही है और इनके खंडहर में तब्दील होने की आशंका है।
धर्मपुर में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन का निर्माण और क्षेत्र के अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी कार्यक्रम में उठ सकता है। ग्रामीण विधायक विनोद सुल्तानपुरी के समक्ष स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग रख सकते हैं।
कार्यक्रम में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है। वहीं, कसौली प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।