सात्विक भोजन कर व्रती करेंगे चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प
14 नवंबर को खरना और 15 को डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती तन, मन और घर की शुद्धता के साथ सूर्य देव और छठी मैया की उपासना करेंगे। नहाय-खाय को व्रत की शुरुआत का महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। इस दिन व्रती स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं और आगामी कठिन निर्जला व्रत की तैयारी करते हैं।
परंपरा के अनुसार, नहाय-खाय के दिन घर और रसोई की साफ-सफाई की गई। व्रतियों ने स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण किए और छठी मैया तथा सूर्य देव का ध्यान करते हुए व्रत पूरा करने का संकल्प लिया। इस दिन लौकी की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात बनाने की परंपरा है। भोजन में प्याज और लहसुन का प्रयोग नहीं किया जाता, जबकि सेंधा नमक और शुद्ध घी का इस्तेमाल किया जाता है। सबसे पहले सूर्य देव को भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती भोजन ग्रहण करते हैं।
पूर्वांचल मित्र सभा के अध्यक्ष परमहंस द्विवेदी ने बताया कि पहले लोग नदी-नालों के किनारे स्नान करने जाते थे, लेकिन अब लोग अपनी छतों पर टब में पानी और गंगाजल डालकर स्नान करते हैं। इसके बाद शाम को सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। छठ पर्व का दूसरा दिन 14 नवंबर को खरना के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को गुड़ और चावल की खीर तथा घी लगी रोटी का प्रसाद तैयार करेंगे। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के दौरान व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।
अर्घ्य देने के लिए बांस का सूप और दउरा, तांबे या पीतल का लोटा, ठेकुआ, कसार, गन्ना, नारियल, केला, मौसमी फल, सिंघाड़ा, मूली, हल्दी, अदरक, पान-सुपारी, धूप-दीप सहित अन्य पूजन सामग्री तैयार की जाती है। छठ पर्व में स्वच्छता, पवित्रता, संयम और लोक आस्था का विशेष महत्व है।
इनसेट
बीबीएन में छठ पूजा की तैयारियां पूरी
पूर्वांचल छठ पूजा वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष राम जी तिवारी और उपाध्यक्ष पिंटू सिंह ने बताया कि बीबीएन में शुक्रवार से छठ महापर्व शुरू हो गया है। जिन लोगों की मन्नत पूरी होती है, वे छठी मैया का व्रत रखते हैं। इस व्रत को पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ किया जाता है। इसके लिए लोगों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोगों ने अपने-अपने स्तर पर पूजा के लिए स्थल तैयार कर लिए हैं। इन स्थलों पर केले के पेड़ लगाकर और पत्थरों से घेराबंदी कर पूजा स्थल बनाए गए हैं। रविवार को यहां अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रत का पारण होगा।