नगर निगम द्वारा लगाए गए समाधान शिविर में उपस्थित लोग इलाके की समस्याएं नगर निगम के अधिकारियों क
बरोटीवाला पंचायत घर में नगर निगम ने सुनी वार्ड-12,13 व 14 के लोगों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर निगम बद्दी की ओर से वार्ड नंबर 12, 13 और 14 के लिए संयुक्त समाधान शिविर बरोटीवाला पंचायत घर में आयोजित किया गया। स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। शिविर में सहायक आयुक्त अंकुश ठाकुर, सहायक अभियंता योगेश्वर सिंह नेगी और सफाई पर्यवेक्षक महेंद्र सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनता की समस्याओं को ध्यान से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने मुख्य रूप से जल निकासी, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, सड़क सुरक्षा, टूटे रास्तों की मरम्मत, स्कूल परिसर की सुरक्षा, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा निस्तारण, स्वच्छता व्यवस्था और वर्षा के कारण जलभराव जैसी समस्याएं उठाईं। सहायक आयुक्त अंकुश ठाकुर ने कहा कि ये समस्याएं क्षेत्र के विकास से जुड़ी हैं और नगर निगम प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेगा। उन्होंने बताया कि अगले माह से सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और उसके बाद सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चलेगी।इस अवसर पर सहायक अभियंता योगेश्वर सिंह नेगी, सफाई कर्मचारी महेंद्र सिंह, राम रतन चौधरी, अच्छर पाल कौशल, अनिल शर्मा, निशांत ठाकुर, गोपाल नेगी, हितेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।