फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan News: बैठक से गैर हाजिर रहे अधिकारी, विधायक बोले- नोटिस देकर जवाब मांगें

विज्ञापन
विज्ञापन
शिकायत निवारण कमेटी की बैठक में रामकुमार चौधरी ने सुनीं समस्याएं
विज्ञापन


पहाड़ी क्षेत्र के लोगों ने मकानों की बकाया किश्त जारी करने की उठाई मांग
निजी भवनों में चल रहे विभागों को मिनी सचिवालय में मिलेगा कार्यालय
झाड़माजरी क्षेत्र से 15 दिनों में रेहड़ी-फड़ी को हटाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। दून के विधायक राम कुमार चौधरी की अध्यक्षता में शिकायत निवारण कमेटी की बैठक हुई। बैठक में गैर हाजिर अधिकारियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया। महाराणा प्रताप भवन में आयोजित बैठक में दून के पहाड़ी क्षेत्र के लोगों ने मांग उठाई कि वर्ष 2023 में उनके मकान आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हो गए थे। उन्हें मकान बना लिए गए हैं, लेकिन उनकी अंतिम किश्त अभी तक जारी नहीं हो पाई। इस पर विधायक ने बीडीओ को निर्देश दिए कि वह मकान की फोटो अपलोड करने की जानकारी प्रभावित लोगों को दें, जिससे उनकी बकाया राशि मिल सके।
बद्दी में मिनी सचिवालय बन रहा है। एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि जिन विभागों के पास अपना भवन नहीं है और वे किराए पर चल रहे हैं, वे इसकी जानकारी दें, ताकि मिनी सचिवालय में उनके लिए भी भवन तैयार किया जा सके। इस मौके पर बिजली के अधिशासी अभियंता, आबकारी एवं कराधान व जीएसटी विभाग ने एसडीएम को जानकारी मुहैया कराई।
विज्ञापन

भटोली कलां के पूर्व प्रधान अच्छर पाल कौशल ने बताया कि उनकी पंचायत में तीन आंगनबाड़ी भवन जर्जर हैं। इस पर विधायक ने सीडीपीओ को रिपोर्ट तैयार करने को कहा। रेहड़ी-फड़ी व मीट की दुकानें जगह-जगह खुलने पर भी लोगों ने आपत्ति जताई। विधायक ने विभागों को बिना लाइसेंस के दुकानें चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बद्दी के बीएमओ डॉ. अनिल आरोड़ा ने बताया कि तंबाकू निषेध कार्यक्रम के तहत बद्दी में बीड़ी-सिगरेट बेचने वालों की जांच की गई, लेकिन किसी के पास भी इसे बेचने का लाइसेंस नहीं था। विधायक ने नगर निगम को इनके लाइसेंस बनाने का आदेश दिया।
विधायक ने औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी व एचपीएसआईडीसी क्षेत्र में रेहड़ी-फड़ी को 15 दिन के भीतर हटाने के आदेश दिए। जिन सड़कों पर निजी कंपनियां पाइल दबाने का कार्य कर रही हैं, उन पर परमिशन देने से पहले विभाग संबंधित सड़क की रिपेयर के टेंडर लगाएं, ताकि सड़क खोदने के साथ-साथ उसे समय रहते ठीक भी किया जा सके।
एसडीएम ने लोगों से कहा कि शिकायत निवारण कमेटी की बैठक के दो दिन पहले उन्हें शिकायतें मिल जानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। इस बार मौके पर ही शिकायतें आईं।
आपदा के दौरान स्कूल के भवन खराब हुए हैं, लेकिन बैठक में उपनिदेशक के नदारद होने पर विधायक ने उनसे बैठक में न आने पर जवाब मांगा है। डीएफओ नालागढ़ को भी नोटिस जारी किया गया। विधायक ने कहा कि अगले महीने सीएम पट्टा के क्षेत्र में प्रवास पर आ रहे हैं। पट्टा और चंडी की आईटीआई भवन में जो भी कमियां रह गई हैं, उन्हें समय रहते पूरा करें।
विज्ञापन

बैठक में एसडीएम संजीव धीमान, बीएमओ डॉ. अनिल आरोड़ा, बीडीओ कुलदीप सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता परवरसर सिंह, एसडीओ मनीष ठाकुर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा, एएसपी अशोक वर्मा समेत विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें