बद्दी के बिग बाजार की दूसरी मंजिल में लगी आग- संवाद।
रविवार देररात लगी आग, दमकल विभाग ने साढ़े तीन घंटे में पाया काबू आग के कारणों का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी। शहर के प्रमुख शॉपिंग सेंटर बिग बाजार की दूसरी मंजिल में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग में दूसरी मंजिल पर मौजूद चार सिनेमा हॉल और कैंटीन में से दो सिनेमा हॉल और कैंटीन पूरी तरह जलकर राख हो गए। दमकल विभाग ने तीन फायर टेंडरों की मदद से तीन घंटे में आग पर काबू पाया। दो सिनेमा हॉल सुरक्षित बचा लिए गए। बताया गया कि आग लगने के समय सिनेमा हॉल में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात अचानक दूसरी मंजिल से धुआं उठते देखा गया और उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल टीम ने तुरंत पहुंचकर आग फैलने से रोकने में सफलता हासिल की। फायर ऑफिसर हेमराज ने बताया कि आग की तीव्रता के बावजूद दो सिनेमा हॉल और आसपास की दुकानों को बचाने में सफलता मिली। शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या इलेक्ट्रिकल खराबी संभावित कारण हो सकते हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि आग लगने से पहले ही धुआं पूरे भवन में फैल चुका था। आग से हुए नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लाखों रुपये बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने दमकल विभाग और प्रशासन की समय पर कार्रवाई की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाया।