नगर परिषद की ओर से भी किया जा रहा फॉगिंग कार्य
बारिश के बाद बढ़ा खतरा, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
परवाणू में घरद्वार पर जाकर की जा रही लारवा की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद डेंगू का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग ने फिर कमर कस ली है और घर-घर जाकर लारवा की जांच कर रही है। टीम की ओर से क्षेत्र में 126 घरों की जांच की। इसमें आठ घरों में डेंगू लारवा युक्त पानी पाया गया है। जिसे टीम ने मौके पर ही फेंकवाया है। इसी के साथ लोगों को सतर्क रहने के लिए भी कहा है। जिन घरों में लारवा पाया गया है वहां पर लोगों को साफ-सफाई और गमलों में एकत्र पानी को हटाने को भी कहा गय है। इसी के साथ नगर परिषद परवाणू की टीम भी वार्ड में फॉगिंग कार्य तेजी से कर रही है। वहीं दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा है।
गौर रहे कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लारवा जांच के लिए अभियान चलाया हुआ है। यह अभियान बारिश के दिनों में रुक गया था। लेकिन अब फिर इसमें तेजी आ गई है और टीम घरों का निरीक्षण कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परवाणू के सेक्टर चार, सेक्टर एक और धग्गड गांव के 126 घरों में जांच की।
इनसेट
विभाग की ओर से लारवा जांच करने के लिए अभियान चलाया गया। इस अभियान 126 घरों में जांच की गई, जिसमें से आठ घरों में लारवा युक्त पानी पाया गया। यहां पर पानी को गिरा दिया गया है। इसी के साथ लोगों को सतर्क किया गया है।
दूनी चंद निरीक्षक, स्वास्थ्य विभाग
इनसेट
डेंगू का क्षेत्र में कोई भी मामला नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी तरह से अलर्ट है। लोगों से भी आग्रह लगातार किया जा रहा है। वहीं लक्षण आने पर तुरंत चिकित्सक से सलाह लेने के लिए भी कहा है।
डॉ. कपिल, कार्यकारी अधिकारी, ईएसआई अस्पताल परवाणू