बारिश होने से भी कम रही संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला रोजगार कार्यालय सोलन में बुधवार को 149 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार हुए। हालांकि इसमें केवल 11 अभ्यर्थियों ने ही भाग लिया। इनमें से 7 को रोजगार प्राप्त हुआ।
इसमें मेसर्स देवभूमि एवं सब्जी किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड सोलन में फील्डमैन और मार्केटिंग डेवलपमेंट ऑफिसर के 5 पद, बारबेक्यू हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में वर्क इंटीग्रेटेड लर्निंग प्रोग्राम के तहत प्रोडक्शन एंड सर्विस के 100 पद तथा वर्धमान वर्सेटाइल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड सोलन में कॉल सेंटर एजेंट के 44 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए।
दोपहर 12 बजे तक अभ्यर्थियों का आना शुरू हुआ, लेकिन उसी समय तेज बारिश होने के कारण अधिक अभ्यर्थी नहीं पहुंच पाए। जिला रोजगार अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण साक्षात्कार में केवल 11 अभ्यर्थी ही पहुंच सके, जिनमें से 7 का चयन हुआ। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए समय-समय पर ऐसे साक्षात्कार आयोजित किए जाते हैं।