सोलन। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोलन में टाइमेक्स ग्रुप कंपनी की ओर से साक्षात्कार का आयोजन किया गया। इसमें 65 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया, जिनमें से अब 47 प्रशिक्षुओं को टाइमेक्स ग्रुप कंपनी में काम सीखने का मौका दिया गया है। इस शिविर का आयोजन विशेष रूप से प्रशिक्षु छात्राओं के लिए रखा गया था। चयनित प्रशिक्षुओं में से अधिकतर छात्राएं शामिल रहीं। संस्थान की प्रधानाचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी ने चयनित प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं की बढ़ती भागीदारी और 47 चयन संस्थान के लिए गर्व की बात है। कहा कि संस्थान की ओर से उद्योग की मांग के अनुसार स्किल डेवलपमेंट पर जोर दिया जा रहा है। प्लेसमेंट प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि टाइमेक्स ग्रुप के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षुओं को चयन प्रक्रिया के साथ-साथ अप्रेंटिसशिप के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड और भविष्य में काम के बारे में भी जानकारी दी।