पहाड़ी क्षेत्र के तीन स्कूलों में बच्चों को बांटी राहत,प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। इंटरनेशनल वीरा केंद्र की नालागढ़ शाखा ने शनिवार को पहाड़ी क्षेत्र के तीन दूरदराज के स्कूलों में एक मानवीय पहल करते हुए बच्चों को गर्म स्वेटर के साथ-साथ कॉपियां और पेंसिल वितरित कीं। बच्चों को खाने के लिए बिस्किट भी बांटे गए। यह कार्यक्रम राजकीय प्राथमिक पाठशाला पपराली, राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मित्तियां, और राजकीय प्राथमिक पाठशाला तमड़ोह में आयोजित किया गया। इन तीन स्कूलों के कुल 120 बच्चों को स्वेटर, कॉपियां, पेंसिल और बिस्किट वितरित किए गए।वीरा केंद्र ने इस दौरान स्कूल अध्यापकों और अन्य कर्मियों को कपड़े की थैलियां भी बांटीं। उन्हें प्लास्टिक थैलों का प्रयोग न करने के बारे में जागरूक किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।वीरा केंद्र नालागढ़ की अध्यक्षा डॉक्टर पूनम जैन ने बताया कि उनकी संस्था ने दूरदराज के इन पहाड़ी स्कूलों को इसलिए चुना क्योंकि शहरों के नजदीक स्कूलों में तो अन्य संस्थाएं अक्सर मदद करती रहती हैं, लेकिन दूरदराज के क्षेत्रों में कम ही संस्थाएं पहुंच पाती हैं। गर्म स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से चहक उठे। स्कूल प्रबंध समितियों की ओर से मुख्य शिक्षक प्रीतपाल सिंह मित्तियां, जगदेव चंद, वीना देवी तमड़ोह और चमन लाल पपराली ने वीरा केंद्र का आभार व्यक्त किया।