अर्की में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं अभियान के अंतर्गत बैठक करते हुए। स्रोत: आईपीआर
एसडीएम अर्की ने ली बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत टास्क फोर्स की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/अर्की। उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर ने कहा कि बेटियां समाज के कल्याण और विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। निशांत तोमर शुक्रवार को अर्की में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत गठित खंड टास्क फोर्स व खंड स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक गतिविधियों एवं विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें सशक्त व सक्षम बनाने के लिए प्रभावशाली योजनाएं आरंभ की हैं। उपमंडलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए कॅरिअर काउंसलिंग एवं समय-समय पर एक्सपोजर भ्रमण आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण अभियान के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित आहार और टीकाकरण कार्यक्रम के माध्यम से लगाए जाने वाले टीके का प्रचार-प्रसार व नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारी को अंतरराष्ट्रीय दिवस पर शैक्षणिक, खेल व संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को खंड स्तर पर सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।