स्थानीय निधि लेखा समिति ने सोलन में की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्थानीय निधि लेखा समिति के सभापति एवं ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न सोलन में स्थानीय निधि लेखा समिति की सोलन जिला में कार्यरत विभिन्न विभागों, संस्थानों, निगमों एवं प्राधिकरण के साथ लेखा के संबंध में बैठक की।
उन्होंने कहा कि समिति ने गत चार दिनों में शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों का दौरा कर न केवल वित्तीय संसाधनों की जानकारी प्राप्त की है अपितु सभी विभागों को विभिन्न लेखा आपत्तियों को समय पर समायोजित करने के निर्देश भी दिए। समिति ने विभिन्न विभागों, निगमों, संस्थानों एवं स्वायत्त संस्थाओं को निर्देश दिए कि लंबित लेखा आपत्तियों को समयबद्ध सीमा में सुलझाएं और यह सुनिश्चित बनाएं कि धनराशि उचित मद पर खर्च हो।
समिति ने उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए कि नगर निगम सोलन सहित जिले की सभी नगर परिषदों और नगर पंचायतों की लंबित लेखा आपत्तियों के समायोजन और धनराशि के उचित उपयोग के विषय में बैठक कर मामले सुलझाएं और उचित दिशा-निर्देश जारी किए। समिति ने उपायुक्त सोलन को नगर निगम और जल शक्ति विभाग के मध्य पेयजल वितरण एवं बिल के मामले को सुलझाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नगर निगम और नगर परिषदों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों संबंधी विस्तृत परियोजना की रिपोर्ट को तैयार कर कार्य आरंभ करवाने में तेजी लाए।
समिति ने एपीएमसी सोलन को निर्देश दिए कि सोलन और परवाणू स्थित फल मंडी में बागवानों की सुविधा के लिए उचित अधोसंरचना स्थापित करें। बैठक में समिति के सदस्य एवं चुराह के विधायक डॉ. हंसराज, सदस्य एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर और सदस्य एवं कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने विश्वास दिलाया कि उनके सुझावों का अक्षरश पालन होगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, हिमाचल प्रदेश विधानसभा एवं महालेखाकार कार्यालय शिमला के वरिष्ठ अधिकारी, एमसी सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, विभिन्न उपमंडलाधिकारी, विभागों, निकायों, स्वायत्त संस्थाओं एवं अन्य के वरिष्ठ अधिकारी, सभी खण्ड विकास अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।