नोटिस जारी करने के साथ काट दिया जाएगा पेयजल कनेक्शन
जलशक्ति विभाग ने जारी किए आदेश, कीमैन रखेंगे क्षेत्र में नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। जलशक्ति विभाग की पाइप लाइनों पर टुल्लू पंप लगाने वालों पर अब विभाग कार्रवाई करेगा। इसे लेकर सभी कीमैन को आदेश जारी कर दिए हैं कि वह टुल्लू पंप लगाने वालों पर नजर रखें ताकि उन पर नियमों के तहत कार्रवाई की जा सके।
जानकारी के अनुसार गर्मियों में क्षेत्र में पानी की किल्लत की शिकायतें विभाग को मिलती रहती हैं, जिस पर महकमे ने पेयजल समस्या से निपटने के लिए यह फरमान जारी किए हैं। कुछ लोग जलशक्ति विभाग की पाइप लाइनों पर सीधे ही टुल्लू पंप लगा देते हैं, जिससे अन्य घरों में पानी ही नहीं आता है। ऐसी शिकायतें कई बार आईपीएच विभाग को मिलती है, जिस पर विभाग पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करेगा और नियमों के तहत कार्रवाई करेगा।
गर्मियों में नालागढ़ क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मियों में भूमिगत जलस्तर भी काफी कम हो जाता है। विभाग के मुताबिक जलशक्ति विभाग की पेयजल लाइनों में सीधे टुल्लू पंप लगाना गैर कानूनी है और इसके लिए लोगों को चाहिए कि वह पहले विभाग के पाइपों से आने वाले पानी को एकत्रित करें और उसके बाद टुल्लू पंप लगाकर उसे अपनी पानी की टंकियों में चढ़ाएं, जिससे प्रत्येक घर को पानी मिलेगा।
जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक मोहन कपिल ने कहा कि विभाग की पेयजल लाइनों पर टुल्लू पंप लगाने वालों को पहले नोटिस जारी किया जाएगा, उसके बाद भी संबंधित व्यक्ति नहीं मानता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाते हुए कनेक्शन काट दिया जाएगा।