प्राथमिक पाठशाला झांडियां में विद्यार्थियों के साथ क्लब के सदस्यस्रोत: इनर व्हील क्लब
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। इनरव्हील नालागढ़ क्लब ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला झांडियां और राजकीय प्राथमिक पाठशाला वार्ड-9 के विद्यार्थियों के साथ दिवाली की खुशियां साझा कीं। क्लब की ओर से दोनों स्कूलों के 75 बच्चों को मिठाई, खाने-पीने की वस्तुएं और फूलझड़ियों के साथ पटाखे भी वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर उत्साह देखते ही बन रहा था, जिन्होंने इस अवसर पर देशभक्ति के गीत भी सुनाए। क्लब अध्यक्ष पंकज वशिष्ठ ने बताया कि क्लब सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह निश्चय किया था कि वे स्कूली बच्चों के बीच जाकर दिवाली मनाएंगे। इस पहल के तहत बच्चों को उपहार दिए गए। इस माह क्लब के छह सदस्यों का जन्मदिन था, जिसके उपलक्ष्य में प्राथमिक पाठशाला झांडियां में छह छायादार पौधे भी रोपे गए। इस दौरान वरिंद्र, रिंचन, वंदना, रूबी, अंजू जैन, रजनी, सिम्मी, नीना, पूजा, तारा अवस्थी और मोनिका मौजूद रहीं।