सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सुनीं समस्याएं
बाड़ीधार पर्यटन के लिए 150 करोड़ की डीपीआर मंजूर
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। ग्राम पंचायत सरयांज में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अर्की के विधायक संजय अवस्थी बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने यहां 1.60 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया।
विधायक ने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत स्थानीय जनता की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित व समयबद्ध समाधान के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस नए पीएचसी भवन के शुरू होने से सरयांज और आसपास के लोगों को इलाज के लिए अब दूर नहीं भटकना पड़ेगा। अकेले सरयांज पंचायत में अब तक 72 लाख रुपये से अधिक विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। प्रसिद्ध धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन स्थल बाड़ीधार के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वीकृत हो गई है, जो इस पूरे क्षेत्र का भविष्य बदल देगी। इसके अलावा, सरयांज-मटेरनी क्षेत्र में 71.63 लाख रुपये की लागत से जल सुविधा संवर्धन का कार्य भी तेजी से जारी है। इस अवसर पर उन्होंने महिला मंडल सरयांज के भवन निर्माण के लिए 2 लाख, रामलीला मंडल को 21 हजार, रामलीला मैदान में शेड के लिए 3 लाख, बाड़ीधार मंदिर सत्संग भवन के लिए 3 लाख और चल्यावनी मोक्षधाम शेड के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की।