स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शांडिल ने ममलीग स्कूल में मेधावी किए सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/कंडाघाट। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने बुधवार को कंडाघाट उपमंडल में 3 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग के वार्षिक समारोह में संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक छात्र को गुणात्मक और रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
इससे पहले उन्होंने ग्राम पंचायत बशील में 2.27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य भवन का भूमि पूजन किया। साथ ही, 80 लाख रुपये की लागत से बशील गांव के स्तरोन्नयन संपर्क मार्ग का लोकार्पण भी किया। शांडिल ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग को शीघ्र ही राजीव गांधी डे-बोर्डिंग विद्यालय के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में एक समान विकास करवा रही है। गत चार वर्षों में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है।
मंत्री शांडिल ने बताया कि बेहतर शिक्षा के लिए सीबीएसई विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रदेश सरकार रोगियों के उपचार के लिए आधुनिक उपकरणों की खरीद कर रही है। सोलन में 200 बिस्तरों वाले आधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल का निर्माण करवाया जा रहा है। सायरी के अस्पताल को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाया गया है।
शांडिल ने छात्रों से कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा का है। उन्हें अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से ही सफलता मिल सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि समाज से नशे जैसी कुरीति को दूर करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और स्कूल को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।