सोलन में विश्व टीकाकरण सप्ताह के दौरान बैठक में मौजूद रहे कर्मी। स्रोत: विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य विभाग सोलन के सौजन्य से शुक्रवार को विश्व टीकाकरण सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य शिक्षिका पद्मनी नेगी ने की। उन्होंने कहा कि विश्व टीकाकरण सप्ताह मनाने का उद्देश्य टीकाकरण के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सप्ताह के माध्यम से यह सुनिश्चित बनाया जाता है कि सभी उम्र के लोगों व गर्भवती माताओं को टीकाकरण से रोके जा सकने वाले रोगों के बारे में जानकारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि जिला के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में निशुल्क टीकाकरण किया जाता है। टीकाकरण के लिए गर्भवती माताओं व बच्चों का यूविन पोर्टल पर पंजीकरण किया जाता है। इस पोर्टल पर टीकाकरण का रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि अपने केंद्र में आने वाली सभी माताओं को टीकाकरण के बारे में जागरूक करें।