पीजीआई में भ्रमण के दौरान स्कूल के विद्यार्थी- स्रोत- स्कूल
गुल्लरवाला स्कूल के हेल्थ केयर विषय के छात्रों ने किया पीजीआई का भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल गुल्लरवाला के हेल्थ केयर विषय के 15 विद्यार्थियों ने पीजीआई चंडीगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय ऑन द जॉब ट्रेनिंग में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पीजीआई के ऑडिटोरियम में हेल्थ केयर सेक्टर से संबंधित जानकारी हासिल की।
अध्यापिका दीपिका ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में हेल्थ केयर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अंगदान, रक्तदान तथा पीजीआई में संचालित विभिन्न विभागों और सेवाओं की जानकारी दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों को पीजीआई परिसर में संचालित विभिन्न ओपीडी और लैब का भ्रमण भी करवाया गया।
पीजीआई के स्टाफ ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। पीजीआई के डिप्टी डायरेक्टर पंकज राय, नोडल ऑफिसर राजीव चौहान, एडमिन ऑफिसर आशीष शर्मा और भारती ने संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में बच्चों को विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विभिन्न पीपीटी प्रस्तुतियों के माध्यम से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में पीजीआई के निदेशक विवेक लाल ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें भविष्य में समय प्रबंधन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।