बद्दी में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय व उद्योग विभाग की ओर से आयोजित कार्यश
बद्दी में जीईएम पोर्टल पर एमएसएमई के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय तथा हिमाचल प्रदेश उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बद्दी में गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लेस (जीईएम) पोर्टल विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता राज्य एकल खिड़की मंजूरी प्राधिकरण, बद्दी के प्रबंधक जेसी राम ठाकुर ने की।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों को गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लेस पोर्टल की जानकारी देना और उन्हें इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने, औद्योगिक विकास तथा जीईएम को बढ़ावा देने से जुड़े पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की उद्योग संबंधी नीतियों और प्रदेश के स्वच्छ एवं अनुकूल औद्योगिक वातावरण की जानकारी भी साझा की।
कार्यशाला में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के जितेंद्र शर्मा और दिव्य शर्मा ने उद्योगों में कौशल विकास निगम की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लेस के विशेषज्ञ हरीश शर्मा ने जीईएम पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग, पंजीकरण प्रक्रिया और सरकारी खरीद में इसके लाभों के बारे में प्रतिभागियों को अवगत करवाया।
कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों ने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग जगत के प्रतिनिधियों सहित कुल 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया।