बद्दी स्कूल में जागरूकता शिविर के दौरान बच्चों को जानकारी देते हुए बद्दी थाने के पुलिस अधिकारी-
बच्चों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी
बद्दी स्कूल में पुलिस ने लगाया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में बद्दी पुलिस की ओर से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बद्दी थाने के एएसआई राजेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग और यातायात नियमों का पालन करने के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को बताते हुए छात्रों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करवाने के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।