-ग्राउंड रिपोर्ट-
बद्दी की कोका-कोला सड़क गड्ढों में तबदील, तीन दर्जन उद्योग प्रभावित
कच्चा और तैयार माल लाने ले जाने को चालक तैयार नहीं
जल्द हालत नहीं सुधरी तो उद्योगपति करेंगे चक्का जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी की कोका-कोला सड़क पर रिद्धि पैकेजिंग कंपनी से टी-पॉइंट तक सड़क की बदहाल स्थिति से उद्योगपति और स्थानीय लोग परेशान हैं। लगातार बारिश के बाद यह मार्ग कई स्थानों पर नाले में तब्दील हो गया है। रिद्धि पैकेजिंग के आगे तक पेवर ब्लॉक बिछे होने से सड़क की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन वहां से टी-पॉइंट तक सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
इस मार्ग पर करीब तीन दर्जन उद्योग संचालित हैं। इन उद्योगों में प्रतिदिन कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार माल की ढुलाई होती है, लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण ट्रक चालक यहां आने से कतरा रहे हैं। जो वाहन आ भी रहे हैं, वे अतिरिक्त भाड़ा वसूल रहे हैं। गहरे गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। उद्योगपतियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खराब सड़क के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो गया है।
उद्योगपति अब इस मुद्दे पर लामबंद हो गए हैं। उनका कहना है कि यदि पांच दिन के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे इस मार्ग पर चक्का जाम करेंगे।
वाहनों को हो रहा नुकसान
रिद्धि पैकेजिंग के संचालक मुकेश जैन ने कहा कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण छोटी गाड़ियों के चैंबर नीचे लग रहे हैं। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग संचालकों को अपनी इकाइयों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, वाहन चालक भी खराब सड़क का हवाला देकर अतिरिक्त किराया मांग रहे हैं।
- मुकेश जैन, संचालक, रिद्धि पैकेजिंग
सोमवार तक सड़क नहीं सुधरी तो चक्का जाम
बीबीएनआईए के अध्यक्ष वाईएस गुलेरिया ने कहा कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इस पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। इससे कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार माल की ढुलाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो मजबूरन मार्ग पर चक्का जाम करना पड़ेगा, जिससे सैकड़ों उद्योग प्रभावित होंगे।
- वाईएस गुलेरिया, अध्यक्ष, बीबीएनआईए
गड्ढे भरने का काम शुरू
सड़क के गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही मार्ग के किनारे नालियों का निर्माण भी किया जा रहा है। फिलहाल सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त किया जाएगा। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद इसे स्थायी रूप से पक्का किया जाएगा। प्रयास है कि उद्योगपतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
-अंकुर ठाकुर, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम बद्दी