हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू में स्थित पुराने बैरियर टोल प्लाजा पर बुधवार को हिट एंड रन की घटना सामने आई। ड्यूटी पर तैनात एक टोल कर्मचारी को तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, टोल कर्मचारी ने एचआर-49-8316 नंबर की कार को टोल पर रुकने का इशारा किया था। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में कर्मचारी को टक्कर मार दी और बिना रुके फरार हो गया।
पेट और हाथ में आई चोटें
हादसे में टोल कर्मचारी को पेट और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फास्टैग और नंबर प्लेट से हुई पहचान
टोल प्रबंधन के अनुसार, संबंधित कार का नंबर टोल प्लाजा के फास्टैग रीडर और नंबर प्लेट स्कैनिंग सिस्टम में दर्ज हो गया है। इसके आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई है और संबंधित जानकारी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लग गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन की पहचान के आधार पर जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।