सीपीएस ने किया लोकार्पण, कहा, इस वर्ष 850 को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/अर्की। ग्राम पंचायत दानोघाट के कराड़ाघाट में राजकीय उच्च और प्राथमिक पाठशाला के 15.40 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अतिरिक्त भवन का लोकार्पण सीपीएस संजय अवस्थी ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी वर्गों के बच्चों को गुणात्मक शिक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। राजकीय उच्च पाठशाला में विशेष घटक योजना के तहत निर्माण पर 4.40 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। राजकीय प्राथमिक पाठशाला कराड़ाघाट में स्टार परियोजना के तहत प्री-प्राइमरी स्मार्ट कक्ष के अतिरिक्त कक्षा के निर्माण पर 11 लाख रुपये व्यय हुए हैं।
अवस्थी ने इससे पूर्व कराड़ाघाट में मां मनसा देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को दुर्गाष्टमी की बधाई दी। सीपीएस ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षण संस्थानों को चरणबद्ध आधार पर उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित कर रही है। इस वित्त वर्ष में 850 शिक्षण संस्थानों को उत्कृष्ट संस्थान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर राजकीय उच्च पाठशाला कराड़ाघाट में स्मार्ट क्लास रूम, स्कूल परिसर की सुरक्षा दीवार व पुस्तकालय भवन निर्माण के लिए प्राकलन के अनुसार उचित धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सुरईला संपर्क मार्ग व कराड़ाघाट संपर्क मार्ग तथा सुरईला व सुखन में पेयजल आपूर्ति के लिए टैंक निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।