नौणी विवि में एन-जेन (नेक्स्ट जनरेशन) थीम आधारित आधुनिक डाकघर का उद्घाटन के दौरान मौजूद युवा: स
युवाओं को वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी व डिजिटल भुगतान की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी परिसर में एन-जेन (नेक्स्ट जनरेशन) थीम आधारित आधुनिक डाकघर का उद्घाटन किया गया। यह डाकघर पारंपरिक सेवाओं से आगे बढ़कर युवाओं के लिए स्मार्ट और आधुनिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। नए डाकघर का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने किया। इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह, निदेशक डाक सेवा (हिमाचल प्रदेश) हरजिंदर सिंह भट्टी और डाक अधीक्षक सोलन संदीप धर्माणी भी मौजूद रहे।बताया गया कि नौणी डाकघर देशभर में स्थापित ऐसे 100 एन-जेन डाकघरों में शामिल है और हिमाचल प्रदेश में यह चौथा है। इस युवा-केंद्रित डाकघर में वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, डिजिटल भुगतान की सुविधा और आधुनिक बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही सभी पारंपरिक डाक सेवाएं भी जारी रहेंगी। युवाओं के लिए इसे आकर्षक बनाने के उद्देश्य से शतरंज और लूडो जैसे इंडोर गेम्स की सुविधा भी दी गई है। मौजूदा डाकघर का नवीनीकरण कर इसे विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के समीप स्थानांतरित किया गया है, जिससे यह छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के लिए अधिक सुलभ हो गया है।
एन-जेन डाकघर पहल एक दूरदर्शी कदम : चंदेल
इस मौके पर कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि एन-जेन डाकघर पहल एक दूरदर्शी कदम है और इससे युवा वर्ग को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वहीं मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने कहा कि इस डाकघर को नई पीढ़ी की जरूरतों और रुचियों के अनुसार तैयार किया गया है, जिससे यह हैंगआउट-कम-सर्विस सेंटर के रूप में भी कार्य करेगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय और डाक विभाग के अधिकारी, संकाय सदस्य, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे।
नौणी विवि में एन-जेन (नेक्स्ट जनरेशन) थीम आधारित आधुनिक डाकघर का उद्घाटन के दौरान मौजूद युवा: स