विभाग की ओर से दिए बिंदुओं पर दी जाएगी जानकारी
स्कूलों में कहानी और लोक कथाओं के साथ जुड़ेंगे बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनावर में शिक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य पंकज बख्शी ने किया। उन्होंने बताया कि विभाग के आदेशानुसार वीरवार से सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। यह 17 अगस्त तक चलेगा। कार्यक्रम के तहत हर रोज विद्यालय के अध्यापक व प्राध्यापक बच्चों को विभाग की ओर से दिए गए बिंदुओं पर जानकारी देंगे। शिक्षण अधिगम से कहानी लोक कथाओं से बच्चों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि अध्यापक अपने शिक्षण में यदि उपयुक्त शिक्षण अधिगम सामग्री का प्रयोग करें तो कक्षा कक्ष शिक्षण और भी सहज, सरल और ग्राह्य बन जाता है। इसलिए हर अध्यापक को अपनी कक्षा के छात्रों के अनुसार उपयुक्त सामग्री का प्रयोग करना चाहिए।
बच्चों ने खेल-खेल में शिक्षा और छात्र केंद्रित शिक्षण को बहुत पसंद किया। शिक्षा सप्ताह का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और बच्चों के हितधारकों के बीच सही समन्वय स्थापित करना है। इसी के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में शुरु किए गए प्रभावशाली शैक्षिक सुधारों को बढ़ावा देना है। पूरे सप्ताह के दौरान पूर्व निर्धारित थीम पर आधारित दिवस मनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति को लागू हुए चार वर्ष पूरे हो गए हैं।