नागरिक कल्याण सभा ने एसडीएम को सुनाया दुखड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। प्रगतिशील नागरिक कल्याण सभा का प्रतिनिधिमंडल प्रधान दीवान चंद की अध्यक्षता में शहर की समस्याओं को लेकर कार्यकारी एसडीएम विपिन वर्मा से मिला। सभा के सदस्य हेमंत शर्मा ने बताया कि अर्की शहर में उपभोक्ताओं को 45 दिन में सिलिंडर मिल रहा है जिस कारण लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कल्याण सभा ने कहा कि शहरवासियों को 25 दिनों के भीतर गैस मिलने का प्रावधान किया जाए, ताकि लोगों को समस्या से निजात मिल सके। इसके अलावा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 में स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर भी प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि रात के समय लोगों को अंधेरे में निकलने के लिए परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करने का आग्रह किया। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड में स्टे वायर बदलने को लेकर भी बिजली बोर्ड को एक पत्र भेजा। इस मौके पर सुशील गांधी, दिनेश सिंह धनपत, भगत राम आदि मौजूद रहे।