व्यक्ति ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पर की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। मानपुरा खड्ड में लगातार खनन हो रहा है। इससे खड्ड काफी गहरी हो गई है। यहां से बाहरी राज्यों और बीबीएन क्षेत्र के खनन माफिया लगातार रेत-बजरी ले जा रहे हैं। चनाल माजरा के दलीप चंद ने विभाग की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री सेवा संकल्प में शिकायत की है। दलीप चंद ने बताया कि लगातार खनन होने से उपजाऊ जमीन में भूमि कटाव का खतरा पैदा हो गया है। शाम होते ही यहां पर खनन माफिया पहुंच जाते हैं और अगर पुलिस को शिकायत करते है तो पुलिस के आने से पहले ही फरार हो जाते हैं। शिकायत के बाद विभाग ने यहां पर निगरानी बढ़ाई और खड्ड को जाने वाले रास्तों को गड्ढे डालकर बंद किया। वहीं विभाग की ओर से खनन करते हुए वाहनों को भी मौके पर पकड़ा गया। बावजूद इसके खनन जारी है।
उधर, जिला खनन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में खनन विभाग ने एक जेसीबी मशीन, टिपर, ट्रैक्टर को मौके पर पकड़ा है। यहां पर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया है। विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है।